Live VNS

इंदौर की पहचान सिर्फ खानपान नहीं, ऐतिहासिक विरासत से भी हो, युवा पर्यटकों को खुद बताएं शहर का इतिहास

इंदौर की पहचान सिर्फ खानपान नहीं, ऐतिहासिक विरासत से भी हो, युवा पर्यटकों को खुद बताएं शहर का इतिहास

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

इंदौर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की पहचान देशभर में अपने खानपान और स्वच्छता के लिए है, लेकिन शहर की ऐतिहासिक विरासत भी इसकी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बननी चाहिए। यहां आने वाले पर्यटकों को इंदौर के इतिहास और होलकरकालीन धरोहरों से परिचित कराने की जिम्मेदारी केवल पर्यटन संस्थाओं की नहीं, बल्कि स्थानीय नागरिकों और युवाओं की भी है। इसके लिए जरूरी है कि युवा अपने शहर की ऐतिहासिक इमारतों, उनके निर्माण और स्थापत्य शैली के बारे में जानें और पर्यटकों को भी इसकी जानकारी दे सकें।

विश्व धरोहर सप्ताह के दूसरे दिन रविवार को संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, मध्य प्रदेश शासन की ओर से लालबाग पैलेस में हेरिटेज वॉक आयोजित की गई। इसमें शामिल प्रतिभागियों को पैलेस के इतिहास, होलकर राजवंश, निर्माण और स्थापत्य कला की बारीकियों से परिचित कराया गया। बारोक शैली में बने दरबार हॉल, टैक्सिडर्मी के नमूनों, बॉल डांसिंग हॉल और पैलेस में मौजूद प्राचीन वस्तुओं के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

खानपान के साथ इतिहास भी बने शहर की पहचान

हेरिटेज वॉक में शामिल पीयूष सोनोने ने बताया कि उन्होंने पुरातत्वविद् आशुतोष महाशब्दे के मार्गदर्शन में इस वॉक का आयोजन किया। कला और स्थापत्य में उनकी रुचि रही है। उनका कहना है कि इंदौर की पहचान केवल खानपान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। शहर की ऐतिहासिक इमारतों और होलकरकालीन विरासत को भी पर्यटन के लिहाज से सामने लाने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि पहले परिवारों में ऐतिहासिक स्थलों पर घूमने और शहर के इतिहास को जानने की परंपरा अधिक थी। हालांकि, पिछले 10 से 15 वर्षों में ऐसी गतिविधियों में लोगों की भागीदारी कम हुई। अब युवाओं में अपने शहर की विरासत को समझने की रुचि फिर बढ़ रही है। खास बात यह है कि युवा केवल प्रचलित कहानियों तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि ऐतिहासिक प्रमाणों के आधार पर अतीत को जानना चाहते हैं।

स्थानीय युवा बनें शहर की विरासत के परिचायक

पीयूष सोनोने के अनुसार, इंदौर आने वाले पर्यटकों को शहर की ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराने में स्थानीय लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। चाहे पर्यटक सिंहस्थ के लिए उज्जैन आ रहे हों या इंदौर घूमने पहुंच रहे हों, उन्हें यहां की विरासत के बारे में जानकारी मिलनी चाहिए। इसके लिए युवाओं को लालबाग पैलेस, राजवाड़ा और दूसरी ऐतिहासिक इमारतों का इतिहास समझना होगा। शहर में नियमित हेरिटेज वॉक और प्रमाणिक ऐतिहासिक जानकारियों से जुड़े कार्यक्रम इस दिशा में उपयोगी हो सकते हैं।

99 प्रतिशत यूरोपीय स्थापत्य शैली पर आधारित है लालबाग पैलेस

पुरातत्वविद् आशुतोष महाशब्दे ने बताया कि इंदौर की अधिकांश प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों का निर्माण होलकर राजवंश के शासनकाल में हुआ। राजवाड़ा, लालबाग पैलेस और शिवविलास पैलेस के साथ साइंस कॉलेज, डेली कॉलेज और एमवाय अस्पताल जैसी संस्थाएं भी होलकरों के योगदान की पहचान हैं।

उन्होंने बताया कि लालबाग पैलेस लगभग 99 प्रतिशत यूरोपीय स्थापत्य शैली पर आधारित है। यहां रेनेसां, बारोक, रोकोको और नियोक्लासिकल शैलियों का मिश्रण देखने को मिलता है। असेंबली हॉल की बारोक शैली और सिटिंग हॉल की मिश्रित स्थापत्य शैली इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। पैलेस में मौजूद टैक्सिडर्मी के नमूने, प्राचीन वस्तुएं, मूर्तियां, फर्नीचर और कालीन भी ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।

प्राचीन वस्तुओं के संरक्षण पर भी काम

महाशब्दे ने बताया कि लालबाग पैलेस में मौजूद ऐतिहासिक वस्तुओं के संरक्षण का काम विशेषज्ञों की मदद से किया जा रहा है। इस कार्य में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA), नई दिल्ली के विशेषज्ञ भी जुड़े हैं। उनका कहना है कि युवा लालबाग पैलेस आएं और यहां की विरासत को करीब से समझें। पैलेस में स्थापत्य और पुरानी वस्तुओं के अलावा कई ऐसी ऐतिहासिक जानकारियां हैं, जिनसे आम लोग अब तक परिचित नहीं हैं।

उन्होंने नदी के उस पार स्थित एक इमारत और उसके बीच बनी सुरंग से जुड़े इतिहास का भी उल्लेख किया। ऐसी जानकारियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए म्यूजियम वॉक, सेमिनार और वर्कशॉप जैसे आयोजन किए जाते हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके संरक्षण और पर्यटन को प्रोत्साहित करना भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…