Live VNS

इंदौर में पुलिसकर्मियों की इनोवा कार रेत से भरे हाईवा डंपर के पिछले हिस्से में घुसी, 6 जवान घायल

इंदौर में पुलिसकर्मियों की इनोवा कार रेत से भरे हाईवा डंपर के पिछले हिस्से में घुसी, 6 जवान घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- एयरबैग खुलने से बची जान, नीमच से वीआईपी ड्यूटी कर लौट रहे थे

इंदौर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के चंदन नगर क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिसकर्मियों की तेज रफ्तार इनोवा कार रेत से भरे हाईवा डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, दुर्घटना के दौरान एयरबैग खुलने से कार में सवार 15वीं बटालियन के छह जवानों की जान बच गई। हादसे में पांच जवानों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि एक जवान के सिर में चोट लगी है। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है।

चंदन नगर पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह राजकुमार नगर-बांक क्षेत्र में हुआ। इनोवा कार एमपी 09 टीए 8278 काे चालक अनिकेत पुत्र सुरेश बैरवा निवासी बेटमा चला रहा था। इसी दौरान कार के सामने अचानक एक अन्य वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे रेत से भरे हाईवा डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में जवान विकास, रामचरण, आकाश, नीरज, रामविलास और एक अन्य जवान घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पीसीआर वैन तुरंत मौके पर पहुंची। पीसीआर वैन की सहायता से सभी 6 घायल जवानों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार मिलने के बाद सभी जवान आगे के बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल के लिए रवाना हो गए। डॉक्टरों के अनुसार सभी जवानों की स्थिति सामान्य है और किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लगाई थी ड्यूटी

बताया गया कि 15वीं बटालियन के जवान 16 अक्टूबर को नीमच में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में वीआईपी ड्यूटी के लिए गए थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद वे इनोवा कार से इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान चंदन नगर क्षेत्र में यह हादसा हो गया। फिलहाल चंदन नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…