आदर्श ग्राम श्रीरामपुर में 'मृत्यु भोज' पर रोक की अनूठी पहल, उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। नगर पंचायत अकबरनगर क्षेत्र के ऐतिहासिक आदर्श ग्राम श्रीरामपुर में सामाजिक सुधार की दिशा में एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। गांव के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं और महिला समूहों ने एकजुट होकर 'मृत्यु भोज' जैसी खर्चीली कुप्रथा पर पूरी तरह रोक लगाने का बीड़ा उठाया है।
ग्रामीणों की इस सामूहिक मुहिम को पूरे गांव का व्यापक समर्थन मिल रहा है। गौरतलब है कि श्रीरामपुर भागलपुर जिले का पहला ऐसा गांव है, जिसे वर्ष 1972 में 'आदर्श ग्राम' का दर्जा प्राप्त हुआ था। गांव के वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि मृत्यु भोज के नाम पर होने वाले दिखावे से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा जाती है। कई बार परिवारों को कर्ज लेना पड़ता है या जमीन तक गिरवी रखनी पड़ती है। शोक की घड़ी में पीड़ित परिवार पर भोज का बोझ डालने के बजाय उसे आर्थिक व मानसिक संबल देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
इस अभियान के पहले चरण में गांव के शिक्षक, युवा टोली और महिला समूह नुक्कड़ सभाओं, घर-घर संपर्क और सोशल मीडिया के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं। लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि दिखावे के बड़े भोज से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा और पीड़ित परिवार के सहयोग से ही दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि मिलती है। ग्रामीणों के अनुसार, जल्द ही आम बैठक कर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया जाएगा। नए नियम के तहत किसी की मृत्यु होने पर केवल परिवार के सदस्यों और अत्यंत नजदीकी रिश्तेदारों के बीच ही साधारण भोजन होगा। समझाने के बावजूद नियम का उल्लंघन कर बड़ा भोज करने वालों पर पंचायत स्तर पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों ने संकल्प लिया है कि मृत्यु भोज में व्यर्थ खर्च होने वाली राशि को गरीब बच्चों की शिक्षा, गांव के विकास और असहाय परिवारों की सहायता में लगाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर