Live VNS

पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की पहल

पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की पहल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जौनपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। बुधवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने तकनीकी विशेषज्ञों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ परिसर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जल निकासी की मौजूदा व्यवस्था, नालियों की स्थिति और जलभराव वाले स्थानों का जायजा लिया गया।

विशेषज्ञों की टीम में इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, लखनऊ के सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज के निदेशक प्रो. एसपी शुक्ला के साथ डॉ. सुमित गांधी और डॉ. इंद्रजीत शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कहा कि बरसात के समय परिसर के कई स्थानों पर पानी जमा होने से आवागमन में परेशानी होती है। इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने विशेषज्ञों से पूरे परिसर का तकनीकी अध्ययन कर प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था तैयार करने को कहा, ताकि बारिश का पानी सुचारु रूप से निकल सके और कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

इस दौरान परिसर की भौगोलिक ढलान, नालियों की मौजूदा स्थिति और पानी के प्राकृतिक बहाव को ध्यान में रखते हुए जल निकासी की बेहतर योजना बनाने पर चर्चा की गई।

कुलपति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ड्रेनेज योजना तैयार करते समय तकनीकी विशेषज्ञों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में जल निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित और प्रभावी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए दीर्घकालिक योजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान प्रो. अविनाश, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. अजय प्रताप सिंह, विश्वविद्यालय के इंजीनियर आरके सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…