Live VNS

शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से पहले गोपनीय सूचना लीक होने के आरोप में निरीक्षक विनीत दुबे निलंबित

शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से पहले गोपनीय सूचना लीक होने के आरोप में निरीक्षक विनीत दुबे निलंबित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रायपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने फरार आरोपित शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ और गिरफ्तारी की गोपनीय योजना लीक करने के आरोप में निरीक्षक (इंस्पेक्टर) विनीत दुबे को निलंबित कर दिया है।

कांग्रेस नेता से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपित शोएब ढेबर फरार चल रहा है। रायपुर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई है। साथ ही उस पर कुल 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।

बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने नारायणपुर में पदस्थ इंस्पेक्टर विनीत दुबे के निलंबन का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। निलंबन का आदेश 16 नवंबर को जारी किया गया है।

सूचना लीक होने का आरोप. तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/26 में संदिग्ध आचरण और आरोपित की मदद करने का आरोप सामने आया है। पुलिस टीम द्वारा खम्हारडीह क्षेत्र में दबिश दिए जाने से ठीक पहले गिरफ्तारी की योजना लीक हो गई थी, जिससे शोएब ढेबर मौके से भागने में सफल रहा।बताया जा रहा है कि पुलिस ने खम्हारडीह इलाके में शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने की योजना बनाई थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपित वहां से निकल गया।

इसके बाद गोपनीय सूचना लीक होने को लेकर पुलिस विभाग में जांच शुरू हुई। इस मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी पहले ही निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे पर हुई कार्रवाई से मामला एक बार फिर चर्चा में है।

शोएब ढेबर कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपित की सूचना देने वाले के लिए कुल इनाम की राशि 15 हजार रुपये हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…