Live VNS

खोखरी में चेकडैम निर्माण की गुणवत्ता जांच के निर्देश, तीन दिन में मांगी गई रिपोर्ट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जांजगीर-चांपा, 19 नवंबर (हि. स.)। जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत खोखरी में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कराए गए चेकडैम निर्माण कार्य को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए हैं।

चेकडैम निर्माण मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ ने जांच के लिए पांच सदस्यीय दल गठित किया है।

गठित जांच दल में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता, जिला पंचायत के उप संचालक पंचायत, तकनीकी समन्वयक, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुविभागीय अधिकारी तथा जनपद पंचायत पामगढ़ के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शामिल किया गया है।

उल्लेखनीय है कि उक्त निर्माण कार्य में श्रमिकों को किए गए कार्य के एवज में मजदूरी का भुगतान किया जा चुका है, जबकि सामग्री मद का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। जिला पंचायत सीईओ ने जांच पूरी होने तक सामग्री भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। जांच दल को तीन दिवस के भीतर गुणवत्ता जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…