वाराणसी रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान, नियमों के उल्लंघन पर कई पर कार्रवाई, जुर्माना वसूला

वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से शुक्रवार को वाराणसी रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म और टिकट घर की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10,500 रुपये जुर्माना वसूलकर रेलवे मद में जमा कराया गया।
अभियान के दौरान आरपीएफ जवानों ने यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव के प्रति जागरूक किया। यात्रियों से अपील की गई कि यात्रा के दौरान किसी भी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लें और न ही उसे दें। ऐसा करने से जहरखुरानी का शिकार होने की आशंका रहती है। यात्रा के दौरान किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना देने को कहा गया। इसके साथ ही ट्रेनों में अनावश्यक चेन पुलिंग नहीं करने और रेलवे सुरक्षा बल का सहयोग करने की अपील की गई।
महिला और दिव्यांग कोच की हुई जांच
अभियान के तहत सारनाथ एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस और आनंद विहार-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के महिला एवं दिव्यांग कोच की भी जांच की गई। इस दौरान महिला कोच में पुरुष यात्रियों के परिजन मिले, जिन्हें संबंधित कोच से दूसरे कोच में शिफ्ट कराया गया। आरपीएफ ने उन्हें भविष्य में महिला अथवा दिव्यांग कोच में यात्रा नहीं करने की हिदायत दी। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी किए जाने की जानकारी भी दी गई।
रेलवे एक्ट के उल्लंघन में 10 पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर दो चार पहिया टैक्सी चालकों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 159 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, स्टेशन परिसर में अवैध रूप से ठेला लगाने वाले तीन लोगों के खिलाफ धारा 144 के तहत कार्रवाई हुई। इसके अलावा चंडीगढ़-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में अवैध रूप से खानपान सामग्री बेचने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 144 के तहत कार्रवाई की गई। स्टेशन परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले तीन व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे एक्ट की धारा 147 के तहत कार्रवाई की गई।
आरपीएफ के अनुसार, जन विश्वास अधिनियम-2026 के तहत कुल 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10,500 रुपये जुर्माना वसूलकर रेलवे मद में जमा कराया गया। अभियान के दौरान यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने, सुरक्षित यात्रा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को देने की अपील की गई।