नाहन में 20 से 22 नवंबर तक होगी विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नाहन, 17 नवंबर (हि.स.)। डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता नाहन के चंबा ग्राउंड स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध लगभग 35 महाविद्यालयों की टीमों के भाग लेने की संभावना है, जिनमें करीब 230 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के लिए अब तक 24 महाविद्यालयों की टीमों की भागीदारी की पुष्टि हो चुकी है। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें खिताब जीतने के लिए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देंगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 20 नवंबर को प्रातः 11 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बी.के. शिवराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे आयोजित होने वाले समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के निदेशक, शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम प्रो. संजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने कहा कि महाविद्यालय के लिए यह गर्व और हर्ष का विषय है कि उसे विश्वविद्यालय स्तर की इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी प्रतिभागी खिलाड़ी खेल भावना और आपसी सौहार्द के साथ प्रतियोगिता में भाग लेंगे तथा यह आयोजन सफल एवं यादगार साबित होगा।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर