विज्ञान जीवन को बनाए रखता है, लेकिन जीवन को सार्थक बनाती है कला और संस्कृति : डॉ श्री कान्त बाल्दी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अजमेर, 26 नवम्बर(हि.सं.)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘दिग्नाद–2026-27’ का शुभारंभ गुरुवार को भव्य शोभायात्रा एवं उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। सत्यार्थ सभागार में आयोजित समारोह में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. श्रीकांत बालदी मुख्य अतिथि, प्रख्यात सारंगी वादक उस्ताद लियाकत अली खां विशिष्ट अतिथि तथा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने अध्यक्षता की। प्रतियोगिता में 14 महाविद्यालयों के 400 से अधिक विद्यार्थी सहभागिता कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. श्रीकांत बालदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विज्ञान जीवन को बनाए रखने का माध्यम हो सकता है, लेकिन जीवन को सार्थकता कला और संस्कृति से प्राप्त होती है। उन्होंने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक जड़ें इतनी मजबूत हैं कि अनेक ऐतिहासिक चुनौतियों के बावजूद भारतीय सभ्यता और परंपराएं निरंतर संरक्षित रही हैं। भारत की विविध भाषाएं, कलाएं और परंपराएं मिलकर राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं भावनात्मक बुद्धिमत्ता का विकास भी आवश्यक है। सांस्कृतिक गतिविधियां इन गुणों के विकास का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी जोनल एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति मूलतः उत्सवधर्मी संस्कृति है, जहां उत्सव केवल आनंद का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संस्कार एवं व्यक्तित्व विकास का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की परिकल्पना केवल ज्ञान प्रदान करने वाले संस्थान के रूप में नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के केंद्र के रूप में की जाती है। संगीत, नृत्य, साहित्य एवं कला व्यक्ति की भावनात्मक संवेदनशीलता और सृजनात्मक क्षमता को विकसित करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांस्कृतिक गतिविधियों को अतिरिक्त गतिविधि नहीं, बल्कि शिक्षा के अभिन्न अंग के रूप में देखा जाना चाहिए। कुलगुरु ने मुख्य अतिथि डॉ. बालदी एवं विशिष्ट अतिथि उस्ताद लियाकत अली खां के प्रति विशेष कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके समय निकालकर समारोह में सहभागिता करने के लिए आभार जताया।
विशिष्ट अतिथि उस्ताद लियाकत अली खां के सारंगी वादन ने समारोह में विशेष सांगीतिक आकर्षण उत्पन्न किया। उनकी मधुर एवं प्रभावशाली प्रस्तुति से सभागार मंत्रमुग्ध हो उठा तथा उपस्थित जनसमूह ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का परिचय एवं स्वागत उद्बोधन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चन्द्र ने दिया। उन्होंने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को उत्साह एवं खेल भावना के साथ सहभागिता के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजूलाल शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. अरविन्द पारीक ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अतिथि संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, प्रतिभागी विद्यार्थी एवं विभिन्न महाविद्यालयों से आए संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 26 से 28 नवम्बर तक आयोजित ‘दिग्नाद–2026-27’ के अंतर्गत ललित कला, नाट्य, संगीत, साहित्य एवं नृत्य की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। तीन दिवसीय आयोजन का समापन 28 नवम्बर को समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष