सिपेट जयपुर में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एपीएल–2026 का शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) की ओर से रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के सहयोग से आयोजित 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एपीएल–2026 का शनिवार को होटल इंटरकॉन्टिनेंटल, जयपुर में शुभारंभ हुआ। 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन का मुख्य विषय ‘विकसित भारत-2047 के लिए उन्नत पेट्रोरसायन सामग्री, सुरक्षा एवं सतत विकास’ है। पहले दिन के पूर्ण सत्रों में पद्मश्री प्रो. गणपति डी. यादव और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत सहित प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। आईआईटी रुड़की की डॉ. दिशा श्रीवास्तव ने ऊतक अभियांत्रिकी विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। सम्मेलन में सतत रासायनिक उद्योग के विकास में शिक्षा जगत, उद्योग और शासन की भूमिका तथा विकसित भारत-2047 के संदर्भ में प्लास्टिक क्षेत्र में चक्रीय अर्थव्यवस्था और नवाचार पर परिचर्चाएं भी हो रही हैं। कार्यक्रम में पूर्ण सत्र, आमंत्रित व्याख्यान, तकनीकी सत्र, उद्योग वार्ता और भारत-कनाडा एवं भारत-अमेरिका संवाद सत्र शामिल हैं।
सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, उद्योग प्रतिनिधि और विद्यार्थी पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान, औद्योगिक नवाचार, तकनीकी सहयोग और सतत विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। इसका उद्देश्य उन्नत पेट्रोरसायन एवं पॉलिमर सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण और चक्रीय अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में उद्योग, अनुसंधान और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन समारोह में भारत सरकार के रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के सचिव तेजवीर सिंह, संयुक्त सचिव डॉ. जी. वेंकटेश, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अरविंदर सिंह साहनी, सिपेट के महानिदेशक एवं सम्मेलन संरक्षक प्रो. (डॉ.) शिशिर सिन्हा, सिपेट के निदेशक (टीएसएस एवं बीडी) एवं सम्मेलन अध्यक्ष डॉ. विशाल वर्मा, सिपेट: आईपीटी जयपुर के निदेशक एवं सम्मेलन संयोजक डॉ. हरेंद्र कुमार तथा सिपेट: आईपीटी लखनऊ के संयुक्त निदेशक एवं सह-संयोजक विवेक कुमार सहित विभिन्न सरकारी विभागों, उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने वर्चुअल संदेश में सम्मेलन के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रसायन एवं पेट्रोरसायन क्षेत्र भारत की आर्थिक विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और तकनीकी नवाचार के माध्यम से यह क्षेत्र अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने प्लास्टिक एवं अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में सिपेट की भूमिका की सराहना करते हुए संस्थान के ‘नो प्लास्टिक्स टू नो प्लास्टिक्स’ जनजागरूकता अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग, वैज्ञानिक प्रबंधन और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी वर्चुअल संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और युवा तकनीकी विशेषज्ञों को उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों से जुड़ने तथा नई तकनीकों को समझने का अवसर देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग को नई दिशा देने के साथ कुशल मानव संसाधन के विकास और पेट्रोरसायन क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करेगा।
रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के सचिव तेजवीर सिंह ने कहा कि उन्नत पेट्रोरसायन सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा और सतत विकास जैसे विषय विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सम्मेलन में प्रस्तुत किए जा रहे शोध-पत्र उभरती तकनीकों और औद्योगिक चुनौतियों पर विचारों के आदान-प्रदान का सशक्त मंच हैं। उन्होंने अनुसंधान, तकनीकी नवाचार तथा उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. जी. वेंकटेश ने कहा कि सिपेट का यह सम्मेलन उद्योग, शिक्षा, अनुसंधान और विद्यार्थियों को एक साझा मंच पर जोड़ने का प्रयास है। इससे शोध और उद्योग के बीच तालमेल बढ़ेगा तथा विद्यार्थियों को औद्योगिक जरूरतों और अनुसंधान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अरविंदर सिंह साहनी ने कुशल और तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन के विकास को उद्योगों की प्रगति के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित युवाओं की उपलब्धता देश की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
सिपेट के महानिदेशक एवं सम्मेलन संरक्षक प्रो. (डॉ.) शिशिर सिन्हा ने पर्यावरण अनुकूल, पुनर्चक्रण योग्य और दोबारा उपयोग में लाई जा सकने वाली प्लास्टिक एवं पेट्रोरसायन सामग्री विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन में रसायनों, पॉलिमर और पॉलिएस्टर का व्यापक उपयोग हो रहा है। ऐसे में अनुसंधान और नवाचार के जरिए औद्योगिक जरूरतों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संतुलन बनाना जरूरी है। उन्होंने स्वदेशी तकनीक, कौशल विकास और सतत विकास को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर सिपेट की विभिन्न संस्थागत एवं शैक्षणिक पहलों का शुभारंभ किया गया। इनमें ऑनलाइन शिक्षण मंच, यूट्यूब चैनल, विद्यार्थियों के लिए वित्तीय सहायता योजना और ‘नो प्लास्टिक्स टू नो प्लास्टिक्स’ राष्ट्रीय जागरूकता अभियान शामिल हैं। इनका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास का विस्तार, विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग और प्लास्टिक के जिम्मेदार उपयोग तथा पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
सम्मेलन में उन्नत पॉलिमर एवं पेट्रोरसायन सामग्री, नैनो सामग्री, मिश्रित सामग्री, जैव-पॉलिमर, पुनर्चक्रण, चक्रीय अर्थव्यवस्था, अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा एवं पर्यावरणीय अनुप्रयोग, औद्योगिक सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे विषयों पर व्याख्यान, शोधपत्र और पोस्टर प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। तीन दिवसीय सम्मेलन का समापन तीस नवंबर को होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश