Live VNS

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर के सालाना मेले का रंगारंग आगाज

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर के सालाना मेले का रंगारंग आगाज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अजमेर, 17 नवंबर(हि.सं.)। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर के सालाना मेले का मंगलवार को रंगारंग आगाज हुआ। मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत ने राष्ट्रगान के बीच ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान पुलिस जवानों द्वारा सलामी दी गयी। इसी के साथ मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम व विभिन्न प्रतियोगिताओं शुरू हो गई है। धार्मिक मेला कार्तिक एकादशी स्नान के साथ 20 नवंबर से शुरू होगा। मेले का समापन 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन पुष्कर सरोवर में होने वाले महास्नान एवं मेला स्टेडियम में आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत, संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़, आईजी डॉ रवि, जिला कलेक्टर लोकबंधु , पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ नवीन परिहार, मेला मजिस्ट्रेट गुरु प्रसाद तंवर, ने पुलिस एवं प्रशासनिक लवाजमे के बीच मेला स्टेडियम में पं. कैलाशनाथ दाधीच के आचार्यत्व में भूमि पूजन कर ध्वजारोहण किया।

इस मौके पर मेला मजिस्ट्रेट एवं उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, एडीएम अभिषेक गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालचंद कायल, सीओ ग्रामीण सत्येंद्रसिंह नेगी, नगर परिषद आयुक्त रेखा जैसवानी , सीआई अशोक कुमार बिशु, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना, सभापति राजेंद्र बाकोलिया, उपसभापति लक्ष्मी देवी पाराशर, सुमन कुमावत, मुकेश कुमावत, रोहन बाकोलिया, धमेंद्र नागौरा, कमलसिंह रावत, सरपत सिंह रावत, संदीप पाराशर, दामु पाराशर, मोहित पाराशर, शंभू चौहान, तनुजा चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता अरुण पाराशर, रघु पारीक, विष्णु सेन, मोहन सिंह रावत ,नारायण दायमा, जगदीश कुड़िया, अनुज पाराशर, वेद प्रकाश पालरिया, समेत मेले से जुड़े प्रशासनिक व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूराम सोलंकी के सानिध्य में देशी विदेशी लोगों ने शानदार नगाड़ा वादन किया। शुभारंभ के अवसर पर काफी संख्या में देशी विदेशी पर्यटक मौजूद थे।

मेले के शुभारंभ पर पुष्कर की विभिन्न शिक्षण संस्थानों की करीब दो सौ से अधिक छात्राओं ने राजस्थानी गीत पर सामूहिक लोक नृत्य की प्रस्तुति देकर मेला मैदान में मौजूद देशी-विदेशी मेलार्थियों का मनमोह लिया। इस दौरान दर्शकों ने छात्राओं का तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

मेले की शुरुआत पर प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूलाल सौलंकी के सानिध्य में विदेशी महिला-पुरुषों ने नंगाड़ा वादन की शानदार प्रस्तुतिया दीं। इस दौरान विदेशी युवतियों ने नंगाड़े की धुन पर नृत्य किया। इस मौके पर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने के लिए कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत, कलक्टर लोकबंधु व एसपी हर्ष वर्धन, सभापति राजेंद्र बाकोलिया ने भी बड़े बड़े ढोल पर नगाड़ा वादन किया।

मेले का शुभारंभ पर केबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर का शानदार विकास कार्य किया जाएगा इसके लिए कॉरिडोर का शीघ्र निर्माण शुरू होने वाला है उन्होंने कहा कि कॉरिडोर की डीपीआर बन चुकी है तथा जल्दी ही कॉरिडोर का शिलान्यास होने वाला है और पुष्कर का शानदार विकास कार्य किया जाएगा।

मेले के शुभारंभ के अवसर पर पहली बार पुलिस की तरफ से अश्व शो कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसमें एक से बढ़कर एक शानदार अश्व ने करतब दिखाए और शानदार प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरी।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत ने बताया कि पुष्कर मेला ऐतिहासिक व रंगारंग होगा। मेले में पशुपालकों, तीर्थ यात्रियों व पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है तथा कई नए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला ने बताया कि पुष्कर मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है। यातायात व पार्किंग की माकुल व्यवस्था रहेगी। वर्दीधारी के साथ-साथ सादावस्त्र में भी जाप्ता तैनात किया गया। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

पुष्कर मेले के शुभारंभ पर मांडणा प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें अजमेर, ब्यावर व केकड़ी जिले की 8 पंचायत समितियों की ग्रामीण महिलाओं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रत्येक ग्रुप में पांच पांच महिलाएं थी। प्रतियोगी महिलाओं ने गोबर के घोल से लेपी गई मेला स्टेडियम की दीवारों पर आकर्षक मांडने व रंगोलियां बनाई, जिससे स्टेडियम की दीवारें राजस्थानी संस्कृति से छलक उठी। विदेशी मेहमानों ने राजस्थानी मांडणों को खूब सराहा और जमकर फोटोग्राफी की। प्रतियोगिता में 8 टीमों ने भाग लिया। विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

मेले में भाग लेने के लिए पशु एवं पशु पालकों के साथ-साथ तीर्थ यात्रियों तथा विदेशी पर्यटकों की आवक भी दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। जिससे मेले की चहल-पहल दिनों दिन आसमान छू रही है। पर्यटकों के झुंड मेला क्षेत्र में घूम-घूम कर मेले का लुत्फ उठा रहे है।

पुष्कर मेले के चलते नगर परिषद की ओर से सरोवर के 52 घाटों व मुख्य बाजार में रोशनी की विशेष सजावट की गई है। जिससे बाजार व सरोवर के घाट रोशनी से जगमगा रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले के शुभारंभ पर देशी व विदेशी खिलाडिय़ों के बीच चक दे इंडिया फुटबॉल मैच खेला गया। जिसमें दोनों ही टीमों ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया लेकिन मैच में विदेशी टीम ने बाजी मारते हुए देशी टीम को 5-2 से हराया। वहीं सभी विजेता उपविजेता खिलाडिय़ों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। फुटबॉल मैच में देशी टीम की तरफ से सभापति राजेंद्र बाकोलिया ने भी मैच खेलकर सभी का दिल जीत लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…