ड्रोन कैमरे में दिखा जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे का भव्य नजारा, दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर से कनेक्टिविटी हुई आसान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में सड़क बुनियादी ढांचे के विस्तार और आधुनिकीकरण की तस्वीर जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे के जरिए सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस 67 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का ड्रोन वीडियो साझा किया है। हवाई दृश्य में आधुनिक इंजीनियरिंग से तैयार इस एक्सप्रेसवे का विस्तृत और आकर्षक स्वरूप नजर आ रहा है।
मंत्रालय ने वीडियो के साथ बताया कि चार लेन का यह एक्सप्रेसवे राजस्थान के परिवहन नेटवर्क को मजबूती देने के साथ माल ढुलाई और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति दे रहा है। इससे जयपुर के बाजारों और लॉजिस्टिक्स केंद्रों तक पहुंच आसान हुई है। बेहतर कनेक्टिविटी और निर्बाध यातायात प्रवाह को ध्यान में रखकर इस कॉरिडोर का निर्माण किया गया है।
एक्सप्रेसवे पर यातायात को सुगम बनाने के लिए छह इंटरचेंज, 11 व्हीकुलर अंडरपास, 18 छोटे व्हीकुलर अंडरपास, एक रोड ओवरब्रिज और छह छोटे पुल बनाए गए हैं। इन निर्माण कार्यों से स्थानीय यातायात और एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।
जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे के शुरू होने से राजधानी की दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कॉरिडोर तक पहुंच अधिक सुगम हुई है। इससे यात्रियों को समय और ईंधन की बचत के साथ व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय की ओर से साझा किए गए ड्रोन वीडियो में एक्सप्रेसवे की लंबाई, चौड़ाई और आधुनिक निर्माण संरचना को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की रुचि देखने को मिल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव