गणेश निमंत्रण के साथ जयपुर स्थापना दिवस समारोह का आगाज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। गुलाबी नगरी जयपुर ने अपने 299वें स्थापना दिवस समारोह का मंगलवार को परंपरागत तरीके से आगाज किया। स्थापना दिवस के अवसर पर नगर निगम की ओर से दो दिवसीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत प्रथम पूज्य मोती डूंगरी गणेशजी को निमंत्रण देने के साथ हुई। सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए महापौर सुनील कोठारी और पार्षदों ने मंगलवार सुबह मोती डूंगरी गणेश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान गणेश को स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इसके साथ ही शहर के ऐतिहासिक स्थापना दिवस समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
नगर निगम की ओर से दो दिन आयोजित हो रहे समारोह में शहर की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
महापौर सुनील कोठारी ने बताया कि समारोह के पहले दिन मंगलवार शाम बिड़ला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के प्रसिद्ध कवि और कवयित्रियां अपनी रचनाओं से श्रोताओं को सराबोर करेंगे।
कवि सम्मेलन में वीर रस के कवि हरिओम पंवार, हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी, दिनेश रघुवंशी, सुरेश अलबेला, प्रियंशु गजेंद्र, राव अजातशत्रु और कवयित्री दीपिका माही अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संयोजन जयपुर के एकेश पार्थ करेंगे।
स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर की पारंपरिक पहचान को संगीत के माध्यम से भी जीवंत किया जाएगा। इसके तहत मोती डूंगरी गणेश मंदिर, न्यू गेट रामलीला मैदान, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, जोरावर सिंह गेट, गंगापोल गेट, सूरजपोल गेट, चांदपोल गेट और घाटगेट सहित शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर शहनाई वादन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। शहनाई की मधुर स्वर लहरियों से ऐतिहासिक दरवाजों और प्रमुख स्थानों पर उत्सवी माहौल बनेगा।
समारोह के दूसरे दिन बुधवार को सुबह 9.30 से 10 बजे तक गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10.30 से 11 बजे तक गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना का कार्यक्रम होगा। वहीं, बुधवार शाम को स्टेच्यू सर्किल पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। दीपों की रोशनी से गुलाबी नगरी जगमगाएगी और स्थापना दिवस का उत्सव उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश