जम्मू रूरल पुलिस ने ऑपरेशन कामधेनु के तहत मवेशियों की तस्करी की दो कोशिशें नाकाम कीं
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जम्मू,, 11 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू रूरल पुलिस ने ऑपरेशन कामधेनु के तहत मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झज्जर कोटली इलाके में दो अलग-अलग कोशिशों को नाकाम किया है। पुलिस ने कुल 20 मवेशियों को बचाकर दो वाहन जब्त किए हैं।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने पंजाल नाके पर महिंद्रा लोड कैरियर को रोका लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान वाहन में रस्सियों से बंधे नौ मवेशी मिले जिनके लिए पर्याप्त चारे और पानी की व्यवस्था नहीं थी। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने नधाल नाके पर ट्रक को रोका। इस दौरान भी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ट्रक से छह गायों और पांच बैलों सहित 11 मवेशी बरामद किए गए जिन्हें बिना जरूरी अनुमति के बेहद खराब हालत में ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर पुलिस स्टेशन झज्जर कोटली में एफआईआर नंबर 144/2026 और 145/2026 दर्ज की हैं। दोनों मामलों में धारा 223 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन कामधेनु के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता