जांच अभियान शुरू, अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालकों में हड़कंप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बक्सर, 24 नवंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार से बाहर से आई विशेष टीम द्वारा अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच का अभियान तेज कर दिया गया है।
जिलाधिकारी साहिला ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में कहीं भी अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित होने की सूचना मिले या इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त हो, तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने निर्देश दिया है कि नियमों के विरुद्ध संचालित पाए जाने वाले अल्ट्रासाउंड केंद्रों को तत्काल बंद कराते हुए सील करने की कार्रवाई की जाए। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित करने वाले संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, मंगलवार को शुरू हुए इस जांच अभियान के तहत अब तक कितने केंद्रों की जांच हुई और कितनों पर कार्रवाई की गई, इसका आधिकारिक आंकड़ा जिला प्रशासन की ओर से जारी नहीं किया गया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद कितने केंद्र प्रशासनिक कार्रवाई की जद में आते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra