Live VNS

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : जनजातीय गौरव दिवस पर 17 नवंबर को दानीकुंडी में होगा जिलास्तरीय समारोह

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : जनजातीय गौरव दिवस पर 17 नवंबर को दानीकुंडी में होगा जिलास्तरीय समारोह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची होंगे मुख्य अतिथि

कलेक्टर ने गरिमामय आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपे दायित्व

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 14 नवंबर (हि.स.)। राज्य शासन के निर्णयानुसार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर 16 से 18 नवंबर तक जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा 17 नवंबर को मरवाही विकासखंड के ग्राम दानीकुंडी में जिलास्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा।

समारोह में मरवाही विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायकों एवं महापुरुषों के योगदान को स्मरण करने तथा जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिला स्तरीय समारोह के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आयोजन संबंधी आवश्यक दायित्व सौंपते हुए आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय गौरव दिवस समारोह को गरिमामय स्वरूप देने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान तथा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…