Live VNS

द्रव्यवती में गिर रहे सीवरेज के पानी काे राेकने के लिए जेडीए ने खर्च किए 15 कराेड, करीब पांच किलाेमीटर नई सीवर लाइन डाली

द्रव्यवती में गिर रहे सीवरेज के पानी काे राेकने के लिए जेडीए ने खर्च किए 15 कराेड, करीब पांच किलाेमीटर नई सीवर लाइन डाली

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा द्रव्यवती नदी को प्रदूषणमुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किया गया है। सुशीलपुरा, अजमेर रोड पुलिया के निकट झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर क्षेत्र से देहलावास एसटीपी की ओर जाने वाली सीवर लाइन में क्षमता से अधिक सीवर प्रवाह होने के कारण प्रतिदिन लगभग 10 से 15 एमएलडी अशोधित सीवर का सरप्लस फ्लो डायवर्ट होकर द्रव्यवती नदी में पहुंच रहा था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जेडीए द्वारा सुशीलपुरा से गंदा नाला तक 4.50 किलोमीटर लंबाई में 1.0 मीटर व्यास की नई सीवर लाइन डालने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि इस कार्य के लिए जेडीए द्वारा 15.56 करोड़ रुपये की लागत से 09 अक्टूबर 2025 को मैसर्स टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड-एसयूसीजी कंसोर्टियम को जारी किया गया था। कार्य पूर्ण होने के पश्चात सुशीलपुरा की ओर से आने वाले अतिरिक्त सीवर प्रवाह को नई सीवर लाइन के माध्यम से गंदा नाला होते हुए 100 एमएलडी क्षमता के रिको एसटीपी, तरुछाया नगर तक पहुंचाया जा रहा है, जहां सीवर का वैज्ञानिक तरीके से शोधन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से पूर्व में द्रव्यवती नदी में पहुंचने वाले प्रतिदिन लगभग 10 से 15 एमएलडी अशोधित सीवर प्रवाह को रोकने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इससे नदी में अशोधित सीवर के प्रवाह पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा तथा जल प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।

जेडीए द्वारा शहर के सीवरेज प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सुशीलपुरा से गंदा नाला तक नई सीवर लाइन का कार्य इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे द्रव्यवती नदी की स्वच्छता एवं पर्यावरणीय गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी तथा जयपुर शहर के नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…