Live VNS

सुशासन दिवस-नीतीश संवाद की तैयारी में जुटी जदयू, हर वार्ड से 25 कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य

सुशासन दिवस-नीतीश संवाद की तैयारी में जुटी जदयू, हर वार्ड से 25 कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दरभंगा, 19 नवंबर (हि.स.)। आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले सुशासन दिवस-नीतीश संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जदयू दरभंगा नगर जिला में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के साथ लालबाग और रहमगंज सेक्टर में बैठक आयोजित की गई।

लालबाग सेक्टर अध्यक्ष दीपक ज्योति गुप्ता तथा रहमगंज सेक्टर अध्यक्ष घनश्याम श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठकों में कार्यक्रम की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जदयू नगर जिला अध्यक्ष माधव झा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में 24 नवंबर 2005 से बिहार में विकास और सुशासन का नया दौर शुरू हुआ। उनके कार्यकाल में राज्य ने प्रगति की दिशा में कई कदम बढ़ाए। इसी तारीख की स्मृति में पूरे बिहार में सुशासन दिवस-नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दरभंगा में भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जुटना होगा। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोज साह ने सेक्टर अध्यक्षों से प्रत्येक वार्ड से कम से कम 25 कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बैठक में पवन श्रीवास्तव, मनोज कुमार ठाकुर, डॉ. रामजी विश्वकर्मा, किशोर कुमार मल्लिक, ईश्वर प्रसाद सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, हबीब असगर, रुस्तम, अशोक ठाकुर, सलाउद्दीन, इकबाल रायन, अशरफ शेख, सद्दाक, नूर आलम एवं विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…