Live VNS

कौशल प्रशिक्षण के लिए देवघर के 100 युवा रांची रवाना

कौशल प्रशिक्षण के लिए देवघर के 100 युवा रांची रवाना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देवघर, 26 नवंबर (हि.स.)। युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। झारखंड औद्योगिक आधारभूत संरचना विकास निगम की रैंप (एमएसएमई प्रदर्शन को बढ़ावा एवं गति देने) योजना के तहत देवघर जिले के चयनित 100 युवाओं को निःशुल्क आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईपीईटी), हेहल, रांची भेजा गया। सूचना भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने युवाओं को शुभकामनाएं देकर रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योगों की मांग के अनुरूप तकनीकी कौशल हासिल करना भी जरूरी है। सीआईपीईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में तीन और चार माह का प्रशिक्षण युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से पूरी लगन और अनुशासन के साथ आधुनिक मशीनों एवं प्लास्टिक प्रोसेसिंग की तकनीक सीखने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि देवघर के देवीपुर में निर्माणाधीन प्लास्टिक पार्क के शुरू होने के बाद प्रशिक्षित युवाओं को जिले में ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं का पलायन भी कम होगा।

उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। एनएसडीसी एवं एनसीवीईटी से मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण पाठ्यक्रम युवाओं को औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप तैयार करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आवास, भोजन, ड्रेस और शिक्षण सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशिक्षण के लिए जिले से कुल 400 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें प्रथम चरण में 100 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। शेष अभ्यर्थियों को सीआईपीईटी में सीटों की उपलब्धता के आधार पर आगामी चरणों में भेजा जाएगा।

प्रशिक्षण के तहत मशीन ऑपरेटर असिस्टेंट-प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग, मशीन ऑपरेटर असिस्टेंट-इंजेक्शन मोल्डिंग, मशीन ऑपरेटर-प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग और मशीन ऑपरेटर-इंजेक्शन मोल्डिंग के पाठ्यक्रम संचालित होंगे। इनकी अवधि तीन से चार माह निर्धारित है। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को झारखंड सहित देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट का अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

मौके पर जिला कौशल विकास पदाधिकारी शैलेंद्र शाह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सीआईपीईटी के निदेशक एके जोशी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी के वरीय परियोजना पदाधिकारी प्रशांत कुमार सिंह, यूएनडीपी के स्किल प्रोफेशनल प्रियव्रत कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…