झारखंड के 108 एंबुलेंस कर्मचारी 18 नवंबर की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने लंबित मांगों को लेकर 18 नवंबर 2026 की रात आठ बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इस दौरान 108 एंबुलेंस के कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन लंबित है। इसके अलावा फरवरी 2025 से कथित तौर पर की जा रही मनमानी वेतन कटौती की जांच, बकाया राशि की वापसी और संदिग्ध वेतन भुगतान दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच उनकी प्रमुख मांगों में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान, फर्जी केस आईडी बनाने और कर्मचारियों पर निजी राशि से एंबुलेंस की मरम्मत कराने का दबाव बनाने जैसे मामलों में भी कार्रवाई की मांग की गई है। नीरज तिवारी ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में छठ पूजा तक समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था। इसी भरोसे पर कर्मचारियों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने के लिए 18 नवंबर 2026 को भारतीय मजदूर संघ के धुर्वा स्थित कार्यालय में सभी जिलों के अध्यक्षों और सचिवों की बैठक बुलाई गई है। संघ ने सभी एंबुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar