Live VNS

लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों की जागरूकता और सहभागिता जरूरी : उपायुक्त

लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों की जागरूकता और सहभागिता जरूरी : उपायुक्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रामगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले के युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को छत्तरमांडू स्थित टाउन हॉल में जिला स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज, रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता दीप्ती प्रियंका कुजूर एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

प्रतियोगिता के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। क्विज प्रतियोगिता में रामगढ़ और बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से तीन-तीन विजेताओं का चयन किया गया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में दोनों विधानसभा क्षेत्रों से दो-दो प्रतिभागियों को विजेता घोषित कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता से सुनिश्चित होती है। युवा लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। इसलिए उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के अधिकार की जानकारी होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार होने के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। युवाओं को स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी निष्पक्ष, निर्भीक एवं प्रलोभनमुक्त मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…