Live VNS

हवाई किराये में अप्रत्याशित वृद्धि पर कैपिंग जरूरी : चेंबर

हवाई किराये में अप्रत्याशित वृद्धि पर कैपिंग जरूरी : चेंबर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सिविल एविएशन उप समिति की बैठक मंगलवार को चेंबर भवन में हुई।

बैठक में त्योहारी सीजन, विंटर वेकेशन और न्यू ईयर के दौरान एयरलाइंस कंपनियों की ओर से हवाई किराये में की जा रही अप्रत्याशित वृद्धि पर चिंता व्यक्त की गई।

सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा से ही विंटर वेकेशन और न्यू ईयर तक लगभग सभी सेक्टरों में हवाई किराये असामान्य रूप से बढ़े हुए हैं। केंद्र और राज्य सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए किराये पर उचित कैपिंग (विमानन के क्षेत्र में हवाई जहाज के टिकटों की कीमतों पर सरकार या नियामक प्राधिकरण की ओर से लगाई गई अधिकतम सीमा) की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि आम नागरिकों को आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके।

मौके पर चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि फ्लाइट सेवा को केवल व्यावसायिक गतिविधि के रूप में नहीं आम नागरिकों की एक आवश्यकता के रूप में देखा जाना चाहिए।

जिस प्रकार भारतीय रेल आम लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम है, उसी प्रकार हवाई सेवाएं भी व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों के लिए आवश्यक बनती जा रही हैं।

हवाई किराये को व्यवहारिक बनाए रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी

उन्होंने कहा कि त्योहारों और छुट्टियों के समय मांग बढ़ने का मतलब यह नहीं होना चाहिए कि एयरलाइंस कंपनियां मनमाने तरीके से किराये में वृद्धि करें। हवाई किराये को व्यवहारिक और आम लोगों की पहुंच में बनाए रखने के लिए नियामक स्तर पर प्रभावी व्यवस्था आवश्यक है।

बैठक में रांची से दिल्ली के बीच इंडिगो की ओर से सुबह की फ्लाइट को अस्थायी रूप से निरस्त किए जाने पर भी सदस्यों ने चिंता जताई गई। सिविल उप समिति के अध्यक्ष श्रवण राजगढ़िया ने कहा कि इंडिगो ने एक दिसंबर से 16 जनवरी तक अपनी सुबह की दिल्ली-रांची-दिल्ली सेवा को रद्द कर दी है। इससे सुबह रांची से दिल्ली जाने और दिल्ली से आगे अन्य गंतव्यों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होगी। मौके पर एयरपोर्ट प्रशासन से आग्रह किया गया कि इंडिगो प्रबंधन से इस फ्लाइट को पुनः बहाल कराने के लिए आवश्यक पहल की जाए।

यदि समय में बदलाव परिचालन की दृष्टि से जरूरी हो, तो फ्लाइट को एक-दो घंटे विलंब से संचालित करने पर भी विचार किया जा सकता है, लेकिन सेवा को पूरी तरह बंद नहीं किया जाना चाहिए।

रांची एयरपोर्ट के अंदर संचालित उड़ान कैफे की अनुपयुक्त लोकेशन पर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई। कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने कहा कि वर्तमान में उड़ान कैफे की लोकेशन यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप नहीं है।

परिणामस्वरूप यात्रियों को एयरपोर्ट के भीतर उपलब्ध महंगी खाद्य एवं पेय सुविधाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से इस व्यवस्था की समीक्षा कर उड़ान कैफे को यात्रियों की सुविधानुसार सिक्योरिटी के बाद संचालित करने का आग्रह किया।

बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, उप समिति के अध्यउक्ष श्रवण राजगढ़िया सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…