Live VNS

एचईसी को अडानी के हाथों बेचने की बात पर मजदूराें ने किया विरोध

एचईसी को अडानी के हाथों बेचने की बात पर मजदूराें ने किया विरोध

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। एचईसी को अडानी समूह को सौंपने की कथित साजिश के खिलाफ सोमवार को एचईसी मुख्यालय के समक्ष मजदूरों ने विरोध जताया। मौके पर हटिया मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने मजदूरों को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर 70 हजार कराेड़ की एचईसी को कौड़ी के भाव बेचने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 25 मार्च 2025 को उद्योगपति गौतम अडानी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच हुई दो घंटे की बैठक में एचईसी को लेकर योजना बनाई गई थी।

भवन सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से एनसीएलटी में मामला लाकर कंपनी को कौड़ी के भाव हस्तांतरित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एचईसी पर हजारों करोड़ रुपये की देनदारी है, जिसका असर कामगारों और अधिकारियों पर पड़ेगा। उन्होंने एचईसी को देश का मातृ उद्योग बताते हुए इसके संरक्षण की मांग की।

मौके पर इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव सह हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि संकट का असर स्थायी कर्मचारियों के साथ ठेका मजदूरों, एचईसी नगर के निवासियों और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों पर भी पड़ेगा। उन्होंने एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की। उन्होंने बताया कि दिल्ली में अपीलीय अदालत में अपील की प्रक्रिया चल रही है।

सभा की अध्यक्षता राम कुमार नायक ने की। मौके पर हरेंद्र सिंह, आरके साही, प्रकाश कुमार, विमल कुमार, भोला साव, गिरीश कुमार चौहान और राम मोहन बैठा सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…