एंबुलेंस 108 की त्रिपक्षीय वार्ता में मांगों पर बनी सहमति, हड़ताल समाप्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल रविवार को स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन और झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता के बाद समाप्त हो गई।
नामकुम स्थित आरसीएच सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक के निर्देश पर आयोजित बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद एनएचएम की ओर से निर्णयों के क्रियान्वयन के लिए आदेश जारी किया गया।
वार्ता में सबसे अहम निर्णय वर्तमान संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन को दो महीने के भीतर हटाने का हुआ। साथ ही कर्मचारियों के दो महीने के बकाया वेतन का भुगतान 48 घंटे के भीतर करने और फरवरी 2025 से वेतन, ईपीएफ और ईएसआईसी में हुई कटौती की जांच कर 30 दिनों में बकाया राशि भुगतान करने पर सहमति बनी।
बैठक में तय हुआ कि नई कंपनी के चयन के बाद 22 अक्टूबर को अपर मुख्य सचिव और संघ के बीच हुए समझौते को लागू किया जाएगा। वर्तमान कर्मचारियों को नई कंपनी में बहाली में प्राथमिकता मिलेगी। कंपनी मनमाने तरीके से कर्मचारियों को बर्खास्त नहीं कर सकेगी। शिकायतों की जांच एनएचएम, सिविल सर्जन और संघ की सहभागिता में होगी। वेतन भुगतान के लिए एस्क्रो अकाउंट, बायोमेट्रिक उपस्थिति, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश, बीमा और बोनस सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी। एम्बुलेंस खराब रहने या केस नहीं मिलने पर वेतन नहीं काटा जाएगा।
संघ ने इन निर्णयों को कर्मचारियों की बड़ी उपलब्धि बताते हुए हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की और सरकार, स्वास्थ्य विभाग, मीडिया और प्रशासन का आभार जताया।
बैठक में एनएचएम की ओर से कृष्ण अग्रवाल, डॉ राजीव प्रसाद, डॉ अरविंद कुमार और अवनी प्रसाद, सम्मान फाउंडेशन से सुमित बासु, योगेश कुमार और दीपक कुमार और भारतीय मजदूर संघ से रमाशंकर प्रसाद एवं सुबोध कुमार मौजूद थे। वहीं संघ की ओर से अध्यक्ष नीरज तिवारी, मुकेश कुमार, कुणाल बनर्जी, रवीन्द्र कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar