Live VNS

एसआईआर के मुद्दे पर सरकार जनता में भ्रम फैला रही : बाबूलाल

एसआईआर के मुद्दे पर सरकार जनता में भ्रम फैला रही : बाबूलाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराया जा रहा एसआईआर पूरी तरह संवैधानिक और कानूनी कार्य है, जिस पर राजनीति करना उचित नहीं है।

सदन में अपनी बात रखते हुए बाबूलाल मरांडी ने विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने से पहले कैबिनेट की औपचारिक बैठक तक नहीं की गई, बल्कि कैबिनेट की स्वीकृति की प्रत्याशा में ही आनन-फानन में सदन बुला लिया गया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के वैधानिक अधिकारों को राजनीतिक संकल्प के माध्यम से कमजोर करने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। मतदाता सूची के शुद्धीकरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम न छूटे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न रहे।

नेता प्रतिपक्ष ने संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा सदन में पेश किए गए आंकड़ों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें गलत बताया। मरांडी ने कहा कि सरकार जिन आंकड़ों का हवाला दे रही है, वह मतदाता सूची अभी अंतिम रूप से प्रकाशित ही नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रारूप सूची में नाम न होने, किसी को नोटिस जारी करने और अंतिम रूप से नाम हटाने के बीच का अंतर समझना चाहिए। इन तीनों अलग-अलग प्रक्रियाओं को एक साथ जोड़कर सरकार जनता में भ्रम फैला रही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार ऐसा किया जा चुका है। इसे नागरिकता छीनने की प्रक्रिया बताना पूरी तरह गलत है।

बाबूलाल मरांडी ने राज्य की आंतरिक सुरक्षा और फर्जी दस्तावेजों का मुद्दा उठाते हुए निर्वाचन आयोग से सख्त जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में अफगानी और राज्य के अन्य हिस्सों में ईरानी नागरिक पकड़े गए हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फर्जी कागजात बनाए जाने की खबरें भी लगातार सामने आ रही हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।

घुसपैठियों और शरणार्थियों के बीच का फर्क स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध तरीके से देश में रह रहे हैं, वे घुसपैठिये हैं और उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आने वाले हिंदू घुसपैठिये नहीं, बल्कि शरणार्थी हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष होकर अपना काम कर रहा है और किसी भी विशेष समुदाय को निशाना नहीं बना रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…