धान भुगतान में देरी और फसल नुकसान को लेकर किसानों के बीच जाएगी भाजपा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- किसान मोर्चा की बैठक में गांवों तक पहुंचने और किसानों के हक में संघर्ष का संकल्प
रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। धान की कीमत के भुगतान में देरी और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के संकेत दिए हैं। पार्टी ने किसानों की समस्याओं को लेकर गांवों तक पहुंचने और उनके हक एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करने की रणनीति बनाई है।
इससे पहले भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक सोमवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय के पंडित दीनदयाल सभागार में हुई। प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री पवन साय समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इस मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि धान बेचने के बाद भी किसानों को अपनी राशि के भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। भुगतान के लिए उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने बेमौसम बारिश और तूफान से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की।
वहीं, बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं को खेतों और गांवों तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं को समझना होगा। उनके हक और अधिकार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा।
बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों ने अर्जुन सिंह के नेतृत्व में किसान मोर्चा को मजबूत करने और किसानों की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री विक्रांत उपाध्याय और डॉ. विनोद ठाकुर ने किया।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे