एसआईआर से गरीबों का वोट काटना चाहती है केंद्र सरकार : सुरेश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 25 नवंबर (हि.स.)।
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में भोजनावकाश के बाद एसआईआर के मुद्दे पर सदन में राजनीतिक टकराव देखने को मिला। बुधवार को विशेष सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के दौरान सरकार की ओर से लाए गए प्रस्ताव के समर्थन में राजद विधायक सुरेश पासवान ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गरीबों, आदिवासियों, दलितों और अल्पसंख्यकों के मताधिकार को प्रभावित करने की साजिश का आरोप लगाया।
सुरेश पासवान ने कहा कि भाजपा को गरीबों का वोट पसंद नहीं है। देश का मुसलमान भाजपा को वोट नहीं देगा, इसी सोच के तहत एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम कटवाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों का वोट कटवाकर सत्ता पर कब्जा बनाए रखना चाहती है। केंद्र सरकार की नीतियां गरीबों के बजाय पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता देती है।
राजद विधायक ने बिहार विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए गरीब मतदाताओं के नाम हटाए गए, जिसका राजनीतिक फायदा भाजपा को मिला। उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया के जरिए ममता बनर्जी सरकार को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश की गई।
पासवान के आरोपों पर भाजपा विधायक नवीन जायसवाल अपनी सीट से खड़े होकर विरोध जताने लगे। इससे सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar