Live VNS

दूसरों पर तंज कसने से पहले अपने दामन में झांके भाजपा : कांग्रेस

दूसरों पर तंज कसने से पहले अपने दामन में झांके भाजपा : कांग्रेस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले भाजपा नेताओं को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। जिनकी अपना गिरेबान ही दागदार है, उन्हें दूसरे के फटे कुर्ते पर तंज कसने से पहले अपने दामन की चिंता करनी चाहिए।

उन्होंने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा को दूसरों के मामलों में नैतिकता और जवाबदेही का पाठ पढ़ाने से पहले अपने नेताओं और अपने राजनीतिक आचरण से जुड़े गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उठे सवालों और एपस्टीन फाइल से संबंधित सार्वजनिक चर्चाओं में जिन लोगों के नामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उन पर भाजपा अपनी स्थिति स्पष्ट करे। दूसरों पर सवाल उठाने में जितनी तत्परता भाजपा दिखाती है, उतनी ही तत्परता उसे अपने मामलों में पारदर्शिता दिखाने में भी दिखानी चाहिए।

राकेश सिन्हा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होना या आरोप लगना उसे अपराधी घोषित करने का आधार नहीं हो सकता। कांग्रेस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, अब जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन जांच पूरी होने से पहले भाजपा जिस तरह राजनीतिक बयानबाजी कर रही है और खुद ही अदालत लगाकर फैसला सुना रही है, वह उचित नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…