एवीएस कंपनी के साइट कार्यालय पर अपराधियों ने की फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
चतरा, 12 नवंबर (हि.स.)। टंडवा में आम्रपाली कोल परियोजना से शिवपुर तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग कर रही एनसीसी की सहायक कंपनी एवीएस के होन्हे स्थित साइट कार्यालय पर बुधवार की देर रात बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। रात करीब 12.30 बजे अपराधियों ने 11-12 राउंड गोलियां चलाईं। संयोगवश कार्यालय में मौजूद निजी सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया।
गोलीबारी में टैंकर, बाइक, खिड़की, दीवार और दरवाजे को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद अपराधी धमकी भरा पर्चा छोड़कर फरार हो गए। पर्चे में राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेवारी लेते हुए कंपनी कर्मियों अर्श और आदित्य को चेतावनी दी है। सूचना पर पहुंची टंडवा पुलिस ने मौके से खोखा और पर्चा जब्त किया। एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी विपिन कुमार और पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है। प्रारंभिक जांच में घटना को लेवी की मांग से जोड़कर देखा जा रहा है। कंपनी कर्मी के अनुसार पिछले दो महीने से गैंग की ओर से लेवी मांगी जा रही थी।
उल्लेखनीय है कि चंद्रगुप्त और आम्रपाली कोल परियोजना क्षेत्र में गोलीबारी की यह चौथी घटना है। इससे पहले चंद्रगुप्त परियोजना क्षेत्र में तीन बार फायरिंग हो चुकी है। 23 अगस्त को उड़सू स्थित साइट कार्यालय पर हुई गोलीबारी में एक निजी सुरक्षा गार्ड घायल हुआ था। वहीं, 25 जनवरी को एनसीसी कंपनी के एक हाइवा को जेजेएमपी उग्रवादी संगठन ने आग के हवाले कर दिया था। एवीएस कार्यालय से कुछ ही दूरी पर सीआईएसएफ का कैंप स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी