एचईसी को बंद कर उपक्रम को कौड़ी के भाव नीलाम करना चाहता है केंद्र, हेमंत सरकार खामोश : हरेन्द्र

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। हटिया मजदूर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष हरेन्द्र कुमार ने कहा कि एचईसी को बंद कर उपक्रम को कौड़ी के भाव नीलाम करने की साजिश रची जा रही है।
हरेन्द्र बुधवार को एचईसी मुख्यालय के समक्ष कामगारों को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। इस दौरान जुटे एचईसी कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने केंद्र सरकार पर कंपनी को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी करने का आरोप लगाया।
हरेन्द्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार वर्ष 2022 से ही एचईसी को बेचने का प्रयास कर रही है। अब एनसीएलटी की प्रक्रिया को आधार बनाकर हजारों करोड़ रुपये की इस औद्योगिक कंपनी को कौड़ी के भाव नीलाम करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने आशंका जताया कि सरकार अपने चहेते उद्योगपतियों अडानी और अंबानी को एचईसी सौंप सकती है। उन्होंने कहा कि एचईसी देश का महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपक्रम और झारखंड का मातृ उद्योग है। इसे बचाने के बजाय नीलामी की स्थिति तक पहुंचाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतना बड़ा मातृ उद्योग बंद होने और नीलामी के कगार पर है, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खामोश हैं। राज्य सरकार की चुप्पी भी चिंताजनक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राम कुमार नायक ने की।
मौके पर लीलाधर सिंह, रमाशंकर, एसजे मुखर्जी और भोला साव सहित कई कामगार मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar