Live VNS

छठ घाटों की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

छठ घाटों की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने घाटों पर तैयारियों को लेकर बुधवार को निगम के अधिकारियों और कर्मियों के साथ एदलहातू, बड़गाईं और पीएचईडी तालाब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समितियों से भी तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

एदलहातू तालाब में जल की सफाई के लिए फिटकरी डालने, संपर्क मार्गों की विशेष सफाई, दो हाईमास्ट लाइट लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

बड़गाईं तालाब में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, पेड़ों की डालियों की छंटाई, जल में फिटकरी डालने और संपर्क मार्गों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, पीएचईडी तालाब में पेंटिंग कार्य पूरा करने, घास की कटाई और पहुंच पथों की सफाई का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त ने कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों और संपर्क मार्गों से कंकड़-पत्थर, कचरा और अन्य अवरोध हटाए जाएं, ताकि व्रतियों को नंगे पैर आने-जाने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक, निगमकर्मी और छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…