दुमका में कोल ब्लॉक के सर्वे को लेकर ग्रामीणों और पुलिस में झड़प, 12 जवान घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- बादलपाड़ा-कल्याणपुर में ग्रामसभा के दौरान शुरू हुआ विरोध हिंसक हुआ, पुलिस पर पथराव- दो जवानों की हालत गंभीर, एक का पैर टूटा; कई घायल सदर अस्पताल रेफर- प्रस्तावित कोल माइंस के सर्वे और बोरिंग का ग्रामीण कर रहे थे विरोध
दुमका, 23 नवंबर (हि.स.)। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। ग्रामसभा के दौरान शुरू हुआ विरोध देखते ही देखते उग्र हो गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, जिसमें 12 जवान घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक जवान का पैर टूट गया है, जबकि कुछ पुलिसकर्मियों के सिर में चोट आई है।
सभी घायलों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कई जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर रविवार को ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इसमें कोल कंपनी के अधिकारी भी शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित कोल माइंस का विरोध शुरू कर दिया, जिससे ग्रामसभा में हंगामा होने लगा। इसी बीच कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस और प्रशासन को मिली।
सूचना पर शिकारीपाड़ा से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हुई। हालात बिगड़ने और अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत को देखते हुए रात करीब 11 बजे दुमका के विजयपुर स्थित पुलिस केंद्र से रैप के तीन दर्जन से अधिक महिला और पुरुष जवानों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
अतिरिक्त बल पहुंचने के बाद भी तनाव कम नहीं हुआ। रात के अंधेरे में पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया गया। अचानक हुए हमले में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में शिकारीपाड़ा थाना के एएसआई सोमाय किस्कू सहित फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, सनोज मरांडी, सुजीत सोरेन, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह, अल्बर्ट एक्का, दीप नारायण मंडल और सुनील हांसदा शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों के इलाज की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान ने बताया कि कोल माइंस के लिए आयोजित ग्रामसभा के दौरान हंगामा हुआ और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार