Live VNS

मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शिक्षकों की कमी पर पेरेंट्स एसोसिएशन ने सरकार को घेरा

मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शिक्षकों की कमी पर पेरेंट्स एसोसिएशन ने सरकार को घेरा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में 80 मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस खोले जाने के बावजूद पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार को घेरा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के बजाय विद्यालयों के प्रचार-प्रसार पर अधिक ध्यान दे रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिक्षकों की नियुक्ति की समयसीमा स्पष्ट करने की मांग की है।

अजय राय ने कहा कि पर्याप्त शिक्षकों के बिना उत्कृष्ट शिक्षा का दावा करना बेमानी है। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं आ रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2025 के परीक्षा परिणामों का हवाला देते हुए बताया कि कक्षा 10वीं का परिणाम 66.34 प्रतिशत और 12वीं विज्ञान संकाय का परिणाम 61.85 प्रतिशत रहा।

अजय राय ने सवाल उठाया कि जब शिक्षा विभाग स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास है, तो विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है। उन्होंने सरकार से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि कितने विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों के पद रिक्त हैं और उनकी नियुक्ति कब तक पूरी होगी।

एसोसिएशन ने सरकार से सभी 80 विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों का विषयवार विवरण सार्वजनिक करने, नियुक्ति की समयसीमा घोषित करने तथा विद्यालयवार परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक समीक्षा रिपोर्ट जारी करने की मांग की है।

अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है, तो एसोसिएशन राज्यव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…