मुख्यमंत्री ने भारतीय लॉन बॉल्स टीम के खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- भारत की न्यूजीलैंड पर 2-1 से जीत में झारखंड के खिलाड़ियों की भूमिका की सराहना
रांची, 24 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारतीय लॉन बॉल्स टीम के खिलाड़ियों और कोच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच 16 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम की 2-1 से शानदार जीत पर सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि राज्य के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए देश की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी इस उपलब्धि से झारखंड का मान-सम्मान बढ़ा है।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर झारखंड की लॉन बॉल खिलाड़ी रेशमा कुमारी, सुनील बहादुर, दिनेश कुमार और कोच मधुकांत पाठक उपस्थित थे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे