Live VNS

रांची में जमानत पर छूटे अपराधियों की खैर नहीं, पुलिस चलाएगी सत्यापन अभियान

रांची में जमानत पर छूटे अपराधियों की खैर नहीं, पुलिस चलाएगी सत्यापन अभियान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए रांची पुलिस ने एक बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। राजधानी में अब जमानत पर जेल से बाहर आए आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इसके लिए थाना स्तर पर एक विशेष सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।

लगातार अपराध करने वालों को चिह्नित कर उनका 'बैड कैरेक्टर रजिस्टर' अपडेट किया जाएगा और उनके आपराधिक इतिहास के आधार पर निगरानी प्रस्ताव तैयार होगा। बुधवार को रांची के सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

इस बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आदतन और सक्रिय अपराधियों की हर गतिविधि को गंभीरता से लिया जाए। किसी भी क्षेत्र में अपराध रोकने के लिए पुलिस के पास अपराधियों का व्यवस्थित और अप-टू-डेट ब्योरा होना अनिवार्य है।

सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, पुलिस की विशेष रडार पर वे अपराधी होंगे जो विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं और वर्तमान में जमानत पर बाहर घूम रहे हैं।

पुलिस इन अपराधियों के वर्तमान ठिकाने, आजीविका के साधन और गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाएगी. साथ ही, जेल से बाहर आए अपराधियों और उनके करीबियों के फोन नंबर भी रजिस्टर में मेंटेन किए जाएंगे ताकि उनकी वर्तमान संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

बैठक में थानेदारों को निर्देश दिया गया कि चिह्नित अपराधियों के खिलाफ उनके पुराने रिकॉर्ड और मौजूदा गतिविधियों के आधार पर विधिसम्मत निगरानी प्रस्ताव तैयार किया जाए। अगर कोई अपराधी जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा किसी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, लंबित कांडों की समीक्षा एवं आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।

वहीं, पुलिस अधीक्षक यातायात ने आगामी पर्व-त्योहारों एवं मूर्ति विसर्जन के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं पूजा स्थलों के आसपास यातायात विनियमन, आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था एवं यातायात बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…