देवघर में डीडीसी ने पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देवघर, 22 नवंबर (हि.स.)। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को देवघर में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने रविवार सुबह नए सदर अस्पताल में नवजात बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए पोलियो की दो बूंद अत्यंत आवश्यक हैं। अभियान के तहत बूथ दिवस पर कम से कम 70 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में कुल 1,415 बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 22 नवंबर को अपने नजदीकी बूथ पर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं ,शेष बचे अन्य बच्चों को स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा अगले दो दिनों 23 व 24 दिसंबर को डोर-टू-डोर जाकर पल्स पोलियो की दवा पिलायी जायेगी
उन्होंने बताया कि बूथ दिवस पर दवा पीने से छूटे बच्चों को स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, ताकि अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित की जा सके।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान की सफलता के लिए सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी बेहद जरूरी है। समाज के सभी वर्गों के लोग आगे आकर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें तथा अपने आसपास के अभिभावकों को भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने जिलावासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ बच्चे ही देश के बेहतर भविष्य की नींव हैं।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक, डब्ल्यूएचओ के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मियों की टीम सहित संबंधित विभागों के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy