Live VNS

झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी राज्य निर्माण का मूल सपना अधूरा : देवेंद्र नाथ महतो

झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी राज्य निर्माण का मूल सपना अधूरा : देवेंद्र नाथ महतो

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 15 नवंबर (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी राज्य निर्माण का मूल सपना अधूरा है। अब अगले 25 वर्षों के विकास की स्पष्ट रूपरेखा तैयार करने की जरूरत है।

देवेंद्र नाथ महतो ने रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर कोकर स्थित बिरसा समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन केवल सत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए नहीं हुआ था, बल्कि जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता, युवाओं को रोजगार, किसानों की खुशहाली, मजदूरों के सम्मान और विस्थापितों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से हुआ था। लेकिन 26 वर्ष बाद भी स्थानीय एवं नियोजन नीति का सवाल अधूरा है। युवा पेपर लीक और नियुक्तियों में देरी से परेशान हैं, जबकि किसान सिंचाई, बिजली और बाजार से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं के संरक्षण, आंदोलनकारियों के सम्मान, पेंशन और नियोजन से जुड़े मुद्दों पर भी ठोस पहल की जरूरत है।

सरकार की ओर से स्थापना दिवस नहीं मनाए जाने पर उन्होंने कहा कि यह किसी सरकार या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि शहीदों, आंदोलनकारियों और जनता के संघर्ष का उत्सव है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि और उद्योग को केंद्र में रखकर अगले 25 वर्षों के लिए विकास का रोडमैप तैयार करने की मांग की। इस अवसर पर कई लोग मौजूद थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…