Live VNS

झारखंड स्थापना दिवस समारोह में लगा घोरमारा के पेड़े का स्टॉल

झारखंड स्थापना दिवस समारोह में लगा घोरमारा के पेड़े का स्टॉल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देवघर, 27 नवंबर (हि.स.)। बाबा बैद्यनाथ की नगरी और वासुकीनाथ के बीच स्थित पेड़ा नगरी घोरमारा की प्रसिद्ध मिठास अब राजधानी रांची तक अपनी पहचान बना रही है। झारखंड स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में देवघर जिले के प्रसिद्ध घोरमारा पेड़े का स्टॉल लगाया गया है। यहां पहुंच रहे लोग पारंपरिक पेड़े के स्वाद का आनंद ले रहे हैं और इसकी खूब सराहना कर रहे हैं।

इस अवसर पर घोरमारा के सुखाड़ी मंडल पेड़ा भंडार के संचालक भुवेंद्र मंडल की ओर से स्टॉल लगाया गया है। देवघर जिले के स्टॉल नंबर-3 पर घोरमारा के पारंपरिक पेड़े को प्रदर्शित किया जा रहा है। राजधानी के इस बड़े मंच पर स्थानीय मिठाई को मिल रही पहचान से पेड़ा कारोबारियों में उत्साह है।

उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार की ‘एक जिला, एक उत्पाद’ पहल के तहत देवघर जिले के प्रमुख उत्पाद के रूप में पेड़े को शामिल किया गया है। ऐसे में घोरमारा के पारंपरिक पेड़े को राज्यस्तरीय समारोह में प्रदर्शित किया जाना स्थानीय कारोबारियों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

भुवेंद्र मंडल की यह पहल घोरमारा के पारंपरिक पेड़ा व्यवसाय को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के छोटे कारोबारियों के लिए भी नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

वहीं, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि घोरमारा की मिठास का राजधानी रांची तक पहुंचना पूरे देवघर जिले के लिए गर्व की बात है।

यह केवल एक मिठाई की पहचान नहीं, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक विरासत, स्थानीय कारीगरी और कारोबार की पहचान को भी नई ऊंचाई देने का प्रयास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…