झारखंड स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने विधायकों से जनहित के मुद्दों पर सार्थक विमर्श का किया आह्वान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को वर्ष 2026 का उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विधानसभा के सदस्यों से सदन की कार्यवाही में नियमित रूप से उपस्थित रहने और जनहित से जुड़े विषयों पर सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उठने वाले प्रश्नों में जनता की समस्याएं, अपेक्षाएं और आकांक्षाएं प्रतिबिंबित होती हैं। ऐसे में सदस्यों की नियमित उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक है।
राज्यपाल ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण मंदिर है, जहां जनता की आकांक्षाएं विचारों का रूप लेती हैं और सार्थक विमर्श के माध्यम से जनकल्याणकारी नीतियां एवं कानून बनते हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच स्वस्थ संवाद तथा रचनात्मक विमर्श लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं। राजनीतिक जीवन में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें मनभेद में नहीं बदलना चाहिए। सदन की मर्यादा और संसदीय परंपराओं का सम्मान करना सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। विधानसभा की सार्थकता केवल पारित विधेयकों से नहीं, बल्कि राज्य की जनता के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से तय होती है।
उन्होंने विधानसभा के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रदेश की जनता को स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन लंबे संघर्ष, जनआकांक्षाओं और असंख्य लोगों के त्याग एवं प्रयासों का परिणाम है। 15 नवंबर, 2000 को अलग राज्य के रूप में झारखंड का उदय हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली तत्कालीन केंद्र सरकार ने इस ऐतिहासिक जनआकांक्षा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस समय केंद्र सरकार में मंत्री एवं लोकसभा सांसद के रूप में उन्हें राज्य गठन की ऐतिहासिक प्रक्रिया का साक्षी बनने का अवसर मिला था।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड की पहचान इसकी प्राकृतिक संपदा, जनजातीय विरासत, सांस्कृतिक विविधता और मेहनतकश जनता में निहित है। खनिज एवं वन संपदा, कृषि, पर्यटन, उद्योग और युवा मानव संसाधन राज्य की बड़ी ताकत हैं। इन संसाधनों का संतुलित, पारदर्शी और दूरदर्शी उपयोग करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का विस्तार करना आवश्यक है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को साकार करने में झारखंड जैसे प्राकृतिक संसाधनों और युवा शक्ति से समृद्ध राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। विकास का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब बच्चों को अच्छी शिक्षा, युवाओं को रोजगार के अवसर, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य तथा महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिलेगा।
राज्यपाल ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे आठ बार बरेली से लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने को हमेशा प्राथमिकता दी। उनकी कोशिश रही कि उनसे मिलने आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपनी बात रख सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा पद जनता का विश्वास है और जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी उपलब्धि उस विश्वास पर खरा उतरना है।
झारखंड की योजनाओं से दूसरे राज्य भी ले रहे प्रेरणा : हेमन्त सोरेन
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विधानसभा राज्य का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है। लोकतंत्र के इस पवित्र मंदिर में सभी समान हैं। यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। इसकी ताकत और लोकतांत्रिक व्यवस्था का लोहा पूरी दुनिया मानती है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में विभिन्न संवैधानिक पदों पर आसीन जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समितियों की अपनी-अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। सभी का उद्देश्य राज्य का विकास, जनकल्याण और जनमानस के हितों की रक्षा करना है। विधानसभा वह महत्वपूर्ण मंच है, जहां राज्य के भविष्य, नीतियों और आम नागरिकों के हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने कई क्षेत्रों में अपनी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से देश के सामने अलग पहचान बनाई है। विशेषकर महिला सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार के कार्यों की सराहना अन्य राज्यों में भी हो रही है। झारखंड की योजनाओं और कार्यप्रणाली से दूसरे राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं। यह सभी के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इस दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ काम करने की जरूरत है, ताकि विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे।
2050 के विकसित झारखंड की परिकल्पना के साथ हो रहा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर काम कर रही है। आने वाले समय में झारखंड कैसा होगा, राज्य विकास के किन नए आयामों को प्राप्त करेगा और भावी पीढ़ियों के लिए कैसी व्यवस्था तैयार की जाएगी, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं। सरकार का प्रयास झारखंड को विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के निर्माण के पीछे पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों का लंबा संघर्ष एवं बलिदान रहा है। अलग राज्य के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। सरकार इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि विकास का लाभ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचे और उनके लिए बेहतर भविष्य का निर्माण हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में राज्य की जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं। सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित लोगों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हो।
समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति और विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे