Live VNS

जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर 14.50 लाख रुपये की ठगी, दंपती को जान से मारने की धमकी

जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर 14.50 लाख रुपये की ठगी, दंपती को जान से मारने की धमकी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रामगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रजरप्पा थाना क्षेत्र के बारलौंग निवासी सुनीता कुमारी ने जमीन कारोबारी नवीन सिंह और जमीन मालिक शम्भू शरण सिंह पर मिलीभगत कर 14 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने और रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने तथा अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

सुनीता कुमारी के अनुसार, उनके पति के मित्र रमेश कुमार गुप्ता के माध्यम से उनकी मुलाकात जमीन कारोबारी नवीन सिंह से हुई थी। नवीन सिंह ने उन्हें विकास नगर स्थित मौजा रामगढ़ में 5.75 डिसमिल जमीन दिखाई और उसे पूरी तरह विवादमुक्त बताते हुए खरीदने का प्रस्ताव दिया। जमीन के कागजात और एकरारनामा दिखाने के बाद तीन डिसमिल जमीन का सौदा 28 लाख 20 हजार रुपये में तय हुआ।

पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने सात अप्रैल, 11 जुलाई और 30 जुलाई 2025 को अलग-अलग चेक के माध्यम से कुल 20 लाख 50 हजार रुपये का भुगतान किया। शेष सात लाख 70 हजार रुपये जमीन की रजिस्ट्री के समय देने पर सहमति बनी थी।

सुनीता के मुताबिक, जमीन पर चाहरदीवारी का निर्माण शुरू कराने के दौरान एक महिला ने काम रुकवा दिया। महिला ने जमीन पर अपना दावा करते हुए बताया कि इस भूखंड को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा है। इसके बाद पीड़िता ने दोनों आरोपितों से शिकायत की, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ।

आरोप है कि बाद में दोनों ने पूरी रकम 20 लाख 50 हजार रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। नवीन सिंह ने छह लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 14 लाख 50 हजार रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़िता का कहना है कि बकाया रकम मांगने पर दोनों आरोपितों ने उन्हें धमकाया। वहीं, शम्भू शरण सिंह ने उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर दोनों आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…