एसआईआर में फर्जी नामों का ब्योरा सार्वजनिक करे सरकार : जयराम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। जेएलकेएम के विधायक जयराम महतो ने सदन में एसआईआर को लेकर सरकार की ओर से लाए गए संकल्प पर चर्चा में कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची में छोटी-मोटी त्रुटियां होना आम बात है। इन त्रुटियों के आधार पर मतदाताओं को परेशान करने के बजाय सरकार को एसआईआर में छोटी-मोटी त्रुटियों को सुधारने के साथ-साथ फर्जी बताकर मतदाता सूची से हटाए गए नामों का ब्योरा सार्वजनिक करना चाहिए। इससे स्थिति और स्पष्ट होगी। बुधवार को विशेष सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही की दूसरी पाली में जयराम महतो अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय डेटा और तकनीक का युग है। ऐसे में दस्तावेजों में नाम, पता या अन्य जानकारियों में मामूली अंतर होना स्वाभाविक है। इन त्रुटियों को सुधारने का प्रयास होना चाहिए, न कि उन्हें आधार बनाकर मतदाताओं को संदेह के घेरे में खड़ा किया जाना चाहिए।
जयराम महतो ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का समाधान सिर्फ विरोध करने से नहीं होगा। सरकार को निर्वाचन आयोग के साथ समन्वय स्थापित कर व्यावहारिक पहल करनी चाहिए, ताकि दस्तावेजों में मौजूद छोटी-मोटी गलतियों को ठीक कराया जा सके और किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार प्रभावित न हो।
उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री से विशेष रूप से मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिन मतदाताओं के नाम फर्जी बताकर सूची से हटाए गए हैं, उनका पूरा ब्योरा सदन के पटल पर रखा जाए। सरकार सार्वजनिक करे कि कितने नाम हटाए गए, किन आधारों पर उन्हें फर्जी माना गया और इसके पीछे क्या कारण थे।
जयराम महतो ने कहा कि तकनीक के इस दौर में हटाए गए नामों और उनके कारणों की जानकारी जुटाना मुश्किल नहीं है। इसलिए सरकार को आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आंकड़ों के साथ सदन में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar