युवाओं को निरंतर सीखने और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को विकसित करने की जरूरत: राज्यपाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, जैव-प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को समझने और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को विकसित करने की जरूरत है।
राज्यपाल रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 के शौर्य सभागार में गुरुवार को इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट्स ऑफ इंडिया (आईसीएफएआई) विश्वविद्यालय, झारखंड के दीक्षांत समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सोच की सीमाएं तोड़कर नई संभावनाएं तलाशने और अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग राष्ट्र तथा समाज की प्रगति के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत विकसित के लक्ष्य की प्राप्ति में आज के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
राज्यपाल ने कहा कि आज संविधान दिवस है। हमारा संविधान लोकतंत्र के आदर्शों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। इसकी प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को प्रत्येक नागरिक को अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने युवाओं से दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि आज केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योगों और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करना चाहिए। वे नौकरी पाने के साथ-साथ उद्यमशीलता की भावना विकसित करें और रोजगार के अवसरों का सृजन करने वाले बनें। अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी महत्व दें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करें। शोध का लाभ अकादमिक जगत तक सीमित न रहे, बल्कि उसके निष्कर्ष समाज के लिए भी उपयोगी सिद्ध हों।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टीआरके राव, कुलपति कर्नल रंजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित रहे।
दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 365 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई।
10 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई । इसके अलावा एमबीए के 47, बीबीए के 16, बीबीए (बिजनेस एनालिटिक्स) के 13, बीटेक के 21, बीसीए के 77, डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी के 35, एलएलएम के 40, एलएलबी के 85 और बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) के 21 विद्यार्थियों को डिग्री दी गई।
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करनेवाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक और द्वितीय स्थान प्राप्त करनेवाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक दिए गए।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे