Live VNS

शिविर में 170 कर्मियों की हुई स्वास्थ्य की जांच

शिविर में 170 कर्मियों की हुई स्वास्थ्य की जांच

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रामगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत नगर परिषद, रामगढ़ की ओर से गुरुवार को नगर क्षेत्र में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शहर के चार अलग-अलग स्थानों पर आयोजित इस शिविर में नगर परिषद के सफाई कर्मियों, कार्यालय कर्मियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई।

शिविर के सफल संचालन के लिए नगर क्षेत्र के सभी 32 वार्डों को चार समूहों में विभाजित किया गया था। इसके तहत वार्ड संख्या एक से नाै तक के लोगों के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मरार वार्ड संख्या 10 से 17 तक के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अरगड्डा वार्ड संख्या 18 से 25 तक के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, घुटूवा और वार्ड संख्या 26 से 32 तक के लिए नगर परिषद कार्यालय परिसर में जांच की व्यवस्था की गई।

इस दौरान नगर परिषद के लगभग 120 सफाई कर्मियों और 50 कार्यालय कर्मियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य सफाई कर्मियों एवं आम लोगों को सहज और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

नगर परिषद की इस पहल के माध्यम से विशेष रूप से सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता दी गई। साथ ही आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…