Live VNS

खेलकूद प्रतियोगिता में रामगढ़ की तीन टीमों ने जीता कांस्य पदक

खेलकूद प्रतियोगिता में रामगढ़ की तीन टीमों ने जीता कांस्य पदक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रामगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित राज्य स्तरीय ग्रामीण और स्वदेशी खेलकूद प्रतियोगिता में रामगढ़ जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता में रामगढ़ की तीन टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया।

इनमें सेकोर बालक, सेकोर बालिका और वॉलीबॉल बालिका की टीमें शामिल हैं। तीनों टीमों की इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिली है।

इस उपलब्धि पर खेलगांव रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने तीनों टीमों को सम्मानित किया। प्रत्येक टीम को 50-50 हजार रुपये का चेक, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में रामगढ़ की तीन टीमों का स्थान हासिल करना खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल प्रतिभा का परिणाम है। इस सफलता से जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।

जिला प्रशासन रामगढ़ ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों एवं टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि रामगढ़ के खिलाड़ी आने वाले दिनों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जिले और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…