Live VNS

नयासराय-कुटे के सोहराई जतरा में दिखी झारखंडी संस्कृति की झलक

नयासराय-कुटे के सोहराई जतरा में दिखी झारखंडी संस्कृति की झलक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रांची, 19 नवंबर (हि.स.)। नवयुवक सोहराई जतरा समिति की ओर से नगड़ी प्रखंड के लाल गुटुवा पंचायत अंतर्गत नयासराय-कुटे में गुरूवार को पारंपरिक सोहराई जतरा धूमधाम से आयोजित किया गया।

समिति के अध्यक्ष विनय उरांव की अध्यक्षता में आयोजित जतरा में आसपास के दर्जनों गांवों के पाहन अपने-अपने खोड़हा के साथ शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, मांदर की थाप और सामूहिक नृत्य-संगीत ने आदिवासी-मूलवासी संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया। विभिन्न जाति-धर्म के लोगों की भागीदारी ने सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर हटिया के विधायक नवीन जायसवाल और झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव शामिल हुए। माैके पर विधायक ने कहा कि आधुनिक दौर में अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखना प्रेरणादायक है। वहीं, अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि विस्थापन और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद ग्रामीणों की ओर से अपनी संस्कृति और सामाजिक एकता को बनाए रखना सराहनीय है।

अतिथियों का स्वागत हटिया विस्थापित परिवार समिति के अध्यक्ष पंकज शाहदेव ने किया।

उन्होंने कहा कि पुनर्वास और विस्थापन की चुनौतियों के बीच अपनी जमीन, संस्कृति और पहचान बचाना ग्रामीणों का संघर्ष है। जतरा इसी संकल्प का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन दीपक मुंडा ने किया।

आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, युवाओं, महिलाओं, बुर्जूग सहित बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…