नियुक्तियों में सुधार की मांग को लेकर हजारीबाग में छात्र महापंचायत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- लंबित नियुक्तियां पूरी करने और समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करने की मांग- मांगें नहीं मानी गईं तो राज्यव्यापी आंदोलन ‘उलगुलान 2.0’ शुरू करने की चेतावनी
हजारीबाग, 22 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और लंबित नियुक्तियों में सुधार की मांग को लेकर रविवार को हजारीबाग के गांधी मैदान में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय छात्र महापंचायत आयोजित की गई। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के तत्वावधान में आयोजित इस महापंचायत में प्रमंडल के विभिन्न जिलों से हजारों प्रतियोगी छात्र शामिल हुए। छात्रों ने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हुए आंदोलन के बाद सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और अब तक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।
महापंचायत में छात्रों ने छह प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें दारोगा, जिला पुलिस, बीईओ, सहायक आचार्य, टीजीटी-पीजीटी, एलडीसी और तकनीकी पदों पर लंबित नियुक्तियां पूरी करने, रिक्त पदों पर नए विज्ञापन जारी करने तथा समयबद्ध नियुक्ति कैलेंडर लागू करने की मांग शामिल है। इसके अलावा झारखंड के युवाओं को प्राथमिकता देने वाली स्पष्ट नियोजन नीति बनाने, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आयु सीमा में छूट देने की मांग की गई।
छात्रों ने जेएसएससी-सीजीएल और जेपीएससी सहित अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा पेपर लीक के मामलों की सीबीआई जांच कराने और लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान करने की भी मांग उठाई।
महापंचायत की अध्यक्षता रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने की, जबकि संचालन जीवन यादव एवं बिपिन कुमार ने किया। मंच के प्रवक्ता रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो राज्यव्यापी आंदोलन ‘उलगुलान 2.0’ शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए छात्र, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar