(अपडेट) दिनचर्या और जीवनशैली को सुधारकर फैटी लिवर से मिलेगी निजात : डॉ मांडविया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–स्वस्थ भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ के नेतृत्व में मंगलवार को रांची में 'फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान' का भव्य शुभारंभ हुआ।
सीसीएल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया तथा विश्व प्रसिद्ध लिवर रोग विशेषज्ञ एवं पद्मभूषण डॉ. एस. के. सरीन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अभियान के तहत 2 करोड़ 80 लाख की लागत से तैयार दो अत्याधुनिक स्वास्थ्य जांच वाहनों के माध्यम से रांची लोकसभा क्षेत्र के लोगों की निःशुल्क फैटी लिवर जांच की सुविधा प्रारंभ की गई। इन वाहनों के माध्यम से लोगों तक जांच की सुविधा पहुंचाई जाएगी, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान हो सके और लोग गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने संजय सेठ के इस प्रयास को जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय प्रयास बताया।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि आज के भागदौड़ भरी जीवन में हम सबो को सबसे पहले अपनी दिनचर्या और जीवनशैली को सुधारने की जरुरत है। इससे 'फैटी लिवर सहित अन्य बीमारियों से बचा जा सकता है। इसके लिए समय पर सोना, समय पर भोजन करना , दैनिक जीवन में पैदल चलना तथा साइकिल चलाने जैसे बातों को दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम दुनिया की हर चीज का ध्यान रखते हैं, लेकिन अपने शरीर के प्रति लापरवाह हो जाते हैं। कंप्यूटर और तकनीक के साथ-साथ अपने पैरों को भी चलाइए। जब हम अपने शरीर की जिम्मेदारी लेंगे और जीवनशैली को बेहतर बनाएंगे, तभी संजय सेठ का यह अभियान सफल होगा। उन्होंने कहा कि फैटी लिवर मुक्त रांची की यह मुहिम एक ऐसे दीपक की तरह साबित होगी, जो पूरे देश को इस दिशा में जागरूकता की रोशनी दिखाएगी।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ स्वस्थ भारत का निर्माण करना है। इसी प्रेरणा से फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान की शुरुआत की गई है। हमारा लक्ष्य है कि रांची लोकसभा क्षेत्र को पूरी तरह फैटी लिवर मुक्त बनाया जाए।
पद्मभूषण डॉ. एस. के. सरीन ने कहा कि भारत में हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियां सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती हैं। इनसे बचाव के लिए समय पर जांच, संतुलित खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें बीमारी के गंभीर होने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि समय रहते जांच और बचाव पर ध्यान देना चाहिए। झारखंड का पारंपरिक भोजन और यहां की स्थानीय थाली फैटी लिवर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हमें अपने पारंपरिक खानपान को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की जरूरत है।
इस अवसर पर रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, भाजपा रांची महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिलाध्यक्ष धीरज महतो एवं नरेंद्र सिंह तथा पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे