Live VNS

बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस प्रताड़ना के आरोपों पर जताई चिंता

बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस प्रताड़ना के आरोपों पर जताई चिंता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र जांच कराने की मांग-हिरासत, न्यायालय परिसर और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज एवं अभिलेख सुरक्षित रखने का आग्रह

रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित बर्बरता और प्रताड़ना के मामले पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर अपनी निगरानी में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है।

मरांडी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सिमडेगा के कुछ स्थानीय लोगों ने पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिसिया बर्बरता की जो जानकारी दी है, वह बेहद गंभीर और विचलित करने वाली है। आरोप है कि पाकरटांड़ थाना पुलिस ने अभिषेक पर अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाया और इसके लिए घंटों उनकी पिटाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें मिली जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

मरांडी ने कहा कि अभिषेक की हालत को देखते हुए उनकी पहली मांग है कि उन्हें समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाए और वे बिना किसी पुलिस दबाव के न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष अपनी बात रख सकें। मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर को अपराह्न करीब तीन बजे तक अभिषेक के साथ रुक-रुककर मारपीट की गई। आरोप है कि उनके तलवों पर बार-बार लाठियां मारी गईं, उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर दोनों हाथों पर प्रहार किए गए और उन्हें मुंह के बल लिटाकर पीटा गया। इस दौरान उनसे बार-बार कहा गया कि अदालत में वही बयान देना है, जो पुलिस उनसे कहेगी।

मरांडी के अनुसार, एक समय अभिषेक ने कथित तौर पर गिड़गिड़ाकर कहा कि पुलिस जो लिखवाना चाहे, लिखवा ले और चाहे तो सादे कागजों पर हस्ताक्षर करा ले, लेकिन पिटाई बंद कर दे, अन्यथा उनकी जान चली जाएगी। इसके बाद उनके बेहोश होने का आरोप है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को हिरासत में इस हालत तक पहुंचा दिया जाए कि वह अपनी जान बचाने के लिए खाली कागज पर भी हस्ताक्षर करने को तैयार हो जाए, तो हिरासत के दौरान उसके हस्ताक्षर लिए गए सभी दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने अदालत में पेशी के दौरान हुई घटनाओं की भी जांच कराने की मांग की।

मरांडी के अनुसार, जब अभिषेक को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाया गया, तब वे अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे। आरोप है कि चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गए, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े।

मरांडी के मुताबिक, अभिषेक की हालत देखकर न्यायालय ने तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया। इसके बावजूद पुलिस उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत में ले गई और हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुंचाया। उन्हें मिली अंतिम सूचना के अनुसार, अभिषेक अस्पताल के बिस्तर पर अचेत थे। उनकी वर्तमान स्थिति की प्रामाणिक जानकारी अस्पताल प्रशासन ही दे सकता है।

भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घटनाक्रम से जुड़े एक अन्य गंभीर आरोप का भी उल्लेख किया। बताया गया है कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का मोबाइल से वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाने ले जाया गया। आरोप है कि उनके मोबाइल फोन कब्जे में लेकर करीब चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया और रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिटाने के बाद रात में उन्हें छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि तीनों पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से अपना बयान दर्ज कराने का अवसर मिलना चाहिए। यदि उनके फोन से रिकॉर्डिंग मिटाई गई है, तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि ऐसा किसने और किसके निर्देश पर किया।

बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक से सवाल किया कि अभिषेक को हिरासत में लेते समय उनकी शारीरिक स्थिति क्या थी और अदालत में पेश करते समय क्या थी। पेशी के बाद उन्हें कहां ले जाया गया और किस समय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि इन सवालों के जवाब थाने की स्टेशन डायरी, सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के अभिलेख और अस्पताल के रजिस्टर से मिल सकते हैं। सभी तथ्य समय और रिकॉर्ड के साथ सार्वजनिक किए जाने चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने झारखंड उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र जांच अपनी निगरानी में कराने का अनुरोध किया। उन्होंने पाकरटांड़ और टाउन थाने की संबंधित सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, हिरासत एवं पेशी के दस्तावेज, न्यायालय परिसर की उपलब्ध फुटेज और सदर अस्पताल के चिकित्सा अभिलेख तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की। साथ ही स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जांच कराकर उनकी चोटों का पूरा विवरण दर्ज करने और चिकित्सकीय रूप से सक्षम होते ही आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में उनका बयान लेने का आग्रह किया।

मरांडी ने कहा कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति अपनी सुरक्षा के लिए उन्हीं अधिकारियों पर निर्भर होता है, जिनकी निगरानी में वह बंद रहता है। उस भरोसे को तोड़ने का आरोप वर्दीधारी अधिकारी पर लगे, तो जवाबदेही भी स्पष्ट होनी चाहिए। भाजपा ऐसी दमनात्मक कार्रवाई बर्दाश्त नहीं करेगी। जांच में जिनकी भूमिका सामने आए, उनके विरुद्ध पद और प्रभाव की परवाह किए बिना कानूनसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए। सिमडेगा के लोगों को यह भरोसा मिलना चाहिए कि थाने के भीतर हुई घटना पर भी वे निर्भय होकर बोल सकते हैं और उनकी बात सुनी जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…