खनन से मिलने वाला राजस्व उसी क्षेत्र के विकास पर हो खर्च : निर्मल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में खनन एवं खनिज संसाधनों से मिलने वाले राजस्व के उपयोग को लेकर आजसू पार्टी के विधायक निर्मल महतो ने राज्य सरकार से मांग की।
उन्होंने गुरूवार को सदन की कार्यवाही के दूसरी पाली में कहा कि खनन क्षेत्रों से सरकार को प्राप्त होने वाले राजस्व और टैक्स का उचित हिस्सा उसी क्षेत्र के विकास पर खर्च होना चाहिए, जहां से खनिज संपदा का दोहन किया जा रहा है। इससे खनन प्रभावित और विस्थापित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हो सकेगा।
निर्मल महतो ने कहा कि जिन क्षेत्रों से हजारों करोड़ रुपये का राजस्व सरकार को प्राप्त होता है, वहां के स्थानीय लोगों को आज भी बुनियादी सुविधाओं और विकास के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
खनन के कारण प्रभावित होने वाले लोगों को राजस्व का सीधा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और स्थानीय आधारभूत संरचनाओं के विकास को प्राथमिकता देने की जरूरत बताई।
सदन में समय अवधी समाप्त होने पर विधानसभा अध्यक्ष की ओर से उन्हें रोकने के दौरान निर्मल महतो ने अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास मद की राशि के खर्च का हिसाब मांगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि उनके क्षेत्र से हजारों करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं है कि राशि कहां और किस मद में खर्च की जा रही है। उन्होंने मांग की कि खनन राजस्व के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और प्रभावित क्षेत्रों के विकास तथा विस्थापितों के पुनर्वास एवं कल्याण के लिए पर्याप्त राशि निर्धारित की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar