Live VNS

घामा पहाड़ पहुंचे विधायक उज्ज्वल दास, ग्रामीणों ने विकास की समस्याओं से कराया अवगत

घामा पहाड़ पहुंचे विधायक उज्ज्वल दास, ग्रामीणों ने विकास की समस्याओं से कराया अवगत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

चतरा, 22 नवंबर (हि.स.)। कभी उग्रवादियों का सुरक्षित ठिकाना माने जाने वाले और जहां पुलिस भी जाने से कतराती थी, उस घामा पहाड़ में सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास का पहुंचना ग्रामीणों के लिए खासा उत्साह का विषय रहा।

पत्थलगड़ा और सिमरिया प्रखंड की सीमा पर स्थित इस सुदूरवर्ती इलाके में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जंगल और पहाड़ों से घिरे घामा पहाड़ के ग्रामीणों ने विधायक को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की और क्षेत्र की बदहाल स्थिति से अवगत कराया।

मेराल पंचायत अंतर्गत आने वाले इस इलाके के लोगों ने बताया कि दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण गांव आज भी विकास की बुनियादी सुविधाओं से काफी दूर हैं। ग्रामीणों ने सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, पेयजल और वन पट्टा की मांग को लेकर विधायक को आवेदन सौंपा। आवेदन में सोंस मोड़ से घामा पहाड़ तक पक्की सड़क तथा घामा पहाड़ से मेराल पंचायत भवन तक सड़क और पुलिया निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

इसके अलावा घामा पहाड़, उटवापीपर, सिंगाड़ा पिडी, सलईगड़ा, बाघमारा और आसपास के गांवों एवं टोलों में बिजली पहुंचाने, पेयजल संकट दूर करने तथा वन पट्टा से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने का आग्रह किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित इस क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बहाल होने से लोगों का जीवन आसान होगा और गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। विधायक के दौरे से ग्रामीणों में क्षेत्र के विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…